राजगढ़ में भाजपाइयों की गाड़ियों से हूटर हटाने की मांग:कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत बोले- भैंसें भड़कती हैं, दूध देना तक छोड़ा; एसपी हंसने लगे

राजगढ़ जिले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं की गाड़ियों से हूटर हटाने की मांग की। शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह का एक बयान चर्चा का विषय बन गया। जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने वाहनों पर हूटर लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ओर पुलिस सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाकर आम लोगों को नियमों का पालन करने की सीख दे रही है, वहीं दूसरी ओर जिले के कई जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों पर खुलेआम हूटर लगे हुए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या कानून केवल आम जनता के लिए है? सिंह ने राजगढ़ और खिलचीपुर के विधायकों, जनपद अध्यक्ष समेत कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये वाहन प्रतिदिन सड़कों पर चलते हैं और पुलिस को भी दिखाई देते हैं, फिर भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता हूटर का इस्तेमाल नहीं करेगा, लेकिन सत्ताधारी दल के नेताओं पर भी समान नियम लागू होने चाहिए। कांग्रेस नेता बोले- भैंसे भड़क जाती हैं
इसी बातचीत के दौरान, जिला पंचायत सदस्य यशवंत गुर्जर ने बताया कि उनके गांव लिंबोदा में एक नेता की गाड़ी में लगा गोपनीय हूटर हर शाम तेज आवाज में बजता है। इस पर प्रियव्रत सिंह ने एसपी से कहा कि हूटर की तेज आवाज से गांवों में भैंसें भड़क जाती हैं। उन्होंने यशवंत गुर्जर को बुलाकर पूछा, जिस पर गुर्जर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि हूटर बजने के बाद से भैंसों ने दूध देना बंद कर दिया है। यह टिप्पणी सुनकर एसपी सहित मौके पर मौजूद अधिकारी और कार्यकर्ता हंस पड़े। मांग- पत्र लिख हूटर हटाने के निर्देश दिए जाएं
प्रियव्रत सिंह ने एसपी को कुछ गाड़ियों की फोटो-कॉपी भी सौंपी, जिनमें जनप्रतिनिधियों की कारों पर हूटर लगे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि यदि तत्काल कार्रवाई संभव न हो, तो कम से कम संबंधित जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखकर हूटर हटाने के निर्देश दिए जाएं। एसपी अमित सुरेश तोलानी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, बापूसिंह तंवर सहित कांग्रेस के कई जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *