आईएएस वर्मा के समर्थन में अजाक्स की रैली एवं ज्ञापन आज

फ्रीगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) तथा एससी-एसटी-ओबीसी के विभिन्न संगठनों द्वारा अजाक्स संगठन के प्रांताध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के समर्थन में दिया जा रहा धरना आज तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान टावर चौक पर वर्मा को पद से हटाए जाने के विरोध में नारेबाजी की गई। धरने में मौजूद राम सोलंकी एवं धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि बीते तीन दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन शासन द्वारा अब तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसी कारण शनिवार 20 दिसंबर को उज्जैन में बड़ा आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। सुबह 11 बजे फ्रीगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली की शुरुआत की जाएगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोठी कार्यालय पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। रैली में 15 से 20 हजार समाजजनों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। संगठनों का आरोप है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा बिना समुचित विचार-विमर्श, तथ्यों की निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना आईएएस वर्मा को पद से हटाया है। इसी कार्रवाई के विरोध में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। संगठनों ने सरकार से मांग की है कि वर्मा के खिलाफ की गई कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। बाइक रैली में अजाक्स संगठन के साथ-साथ डॉ. आंबेडकर विद्यार्थी संगठन, भीम आर्मी, भारतीय बौद्ध महासभा, राष्ट्रीय बौद्ध महासभा, डोमा परिसंघ, आजाद समाज पार्टी, गुजराती बलाई युवा संगठन, मालवीय बलाई समाज संगठन, रविदास सेवक संघ, गुजराती सूर्यवंशी समाज सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *