भास्कर संवाददाता | बांसवाड़ा राज्य सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा जिले में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के जरिए उपलब्धियां गिना रही है। जबकि कांग्रेस इसे कुशासन बताते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस कड़ी में शुक्रवार को बांसवाड़ा आए भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस-बीएपी पर निशाना साधा। जबकि कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राठौड़ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, कांग्रेस एक भी जन आंदोलन खड़ा नहीं कर पाई, इससे जाहिर है कि जनता बीजेपी के साथ है। बीएपी पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा, इस इलाके में एक दल है जो लोगों को गुमराह कर नौजवानों को गलत रास्ते पर ले जा रहा है, उनकी भी कलई खुल रही है। उनके एक विधायक सवाल लगाने के नाम पर पैसा लेते हैं। उनके सांसद कहते हैं कि कमीशनखोरी बुरी बात नहीं है। राठौड़ ने कहा, बीएपी लगातार सिमट रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बहस की बात करते हैं, हम विकास के कामों पर बहस के लिए तैयार हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री महेंद्र जीत सिंह मालवीया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय के बाहर जनसभा कर सरकार के खिलाफ जुबानी हमला बोला। वक्ताओं ने कहा, केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटा दिया। जिले में किसानों को खाद व श्रमिकों को मनरेगा में मजदूरी नहीं मिल रही। गरीब आदिवासी रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। बिजली के स्मार्ट मीटरों में गड़बड़ी है। कानून-व्यवस्था का हाल खराब है। जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि मनरेगा के मानव दिवस घटाकर दिहाड़ी मजदूरों के साथ अन्याय किया गया है। इससे लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। मनरेगा में पहले के कामों का ही भुगतान नहीं हुआ है। सभा के बाद सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता नारेबाजी करते रैली के रूप में हॉस्पिटल चौराहा पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया। सभा को पूर्व जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र, अब्दुल गफ्फार, कृष्णपाल सिंह सिसोदिया, केशवचंद्र निनामा, उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामनिया, कांतिलाल बरवाला राजिया, सुभाष निनामा, प्रज्ञा, धीरजमल डामोर, धर्मेंद्र तेली आदि ने संबोधित किया।


