चाईबासा| नेशनल हेराल्ड केस मामले में न्यायालय द्वारा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दाखिल आरोप पत्र को खारिज किए जाने पर कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को केंद्र सरकार एवं भाजपा के विरोध में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यालय में भी भाजपा नेता लाठी-डंडे व झंडे से लैस होकर तैनात रहे। कांग्रेसियों के पहुंचने पर भाजपा कार्यालय पर आमने-सामने जोरदार प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री देवेन्द्र नाथ चांपिया ने कहा कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। मोदी सरकार ने ईडी के सहारे सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के खिलाफ झूठा मामला बनाने की कोशिश की। न्यायालय ने मामले को खारिज कर संविधान के सम्मान की रक्षा की। भाजपा कार्यालय के घेराव के लिए पहुंचे कांग्रेसियों के साथ भाजपा नेताओं की धक्का-मुक्की भी हो गई। जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में पहले से सतर्क भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट से उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी पार्टी का झंडा और डंडा हाथ में लेकर उपस्थित रहीं।


