जैसलमेर में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने आमजन को हैरत में डाल दिया है। दिसंबर के महीने में जहां कड़ाके की ठंड होनी चाहिए, वहां पिछले कुछ दिनों से दोपहर में तेज धूप के चलते हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंचकर 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय सर्दी पूरी तरह गायब नजर आई। मौसम विभाग की माने तो 24 दिसंबर से ‘कोल्ड अटैक’ होने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि 24 दिसंबर से तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान में सुबह के समय हल्का कोहरा और ठिठुरन बढ़ने की प्रबल संभावना है। दिसंबर का आखिरी सप्ताह तक कड़ाके की सर्दी अपनी वापसी करेगी। क्यों बदला मौसम का मिजाज? मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तरी सर्द हवाओं का रास्ता रुक गया है और उनकी जगह पश्चिमी गर्म हवाओं ने ले ली है। हवाओं के इस बदलाव के कारण ही जैसलमेर और आसपास के क्षेत्रों में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के कारण ‘दोहरे मौसम’ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में वायरल बुखार और जुकाम का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों का उपयोग जारी रखना चाहिए। पारा सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंचा जैसलमेर में इन दिनों तेज धूप से सर्दी का सर दिन में लगभग गायब ही हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का आगामी पूर्वानुमान: अगले 5 दिन कैसा रहेगा हाल? मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा:


