धौलपुर के बसेड़ी उपखंड में प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बौरोली गांव में 72 बीघा चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। एसडीएम अनिल कुमार मीणा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से अवैध कब्जा हटाया गया। कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रशासन को शिकायत मिली थी कि भू-माफिया लंबे समय से इस सरकारी जमीन पर कब्जा करके गेहूं, सरसों और आलू की खेती कर रहे थे। तहसीलदार बृजेश कुमार के नेतृत्व में गिरदावर और पटवारी की टीम ने जांच में पाया कि गांव में कुल 250 बीघा चारागाह भूमि में से 72 बीघा पर अवैध कब्जा था। पुलिस बल की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई फसलों को नष्ट कर दिया गया। प्रशासन ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया है और स्थानीय पंचायत, पटवारी और गिरदावर को भूमि की निगरानी का जिम्मा सौंपा है। शेष चारागाह भूमि से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।


