कोटा जवाहर नगर थाना इलाके में कोचिंग छात्रा व उसके पिता पर हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाशों ने पैदल जा रहे पिता-पुत्री पर डंडे से हमला किया। गनीमत रही दोनों बाल बाल बच गए। पीड़ित पिता ने इसकी शिकायत थाने में दी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना 8 जनवरी शाम की है। पैदल जा रहे पिता-पुत्री पर हमला झारखंड कस जमशेदपुर निवासी पिता ने बताया कि उनकी बेटी (18) दो साल से कोटा में रह रही है। निजी कोचिंग से JEE की तैयारी कर रही है। 8 जनवरी को बेटी कोचिंग गई थी। शाम 7 बजे उसे कोचिंग से लेकर रूम पर लौट रहा था। हम दोनों पैदल पैदल सड़क किनारे चल रहे थे। जैसे ही आईएल मंदिर वाली लाइन पर गुरुद्वारे के बीच पहुंचे। उसी दौरान पीछे से 60-70 की स्पीड से तेज रफ्तार बाइक आई। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गाली गलौच करते हुए हमला करने की नीयत से तेज डंडा घुमाया। गनीमत रही डंडे से किसी को चोट नही लगी। बाइक सवार युवक गाली गलौच करते हुए फरार हो गए। डर के कारण हम दोनों पिता-पुत्री ने दौड़ लगाई। कोचिंग की जर्सी में थे बदमाश मैंने जैकेट पहना हुआ था सिर पर मोटी टोपी थी। बदमाशों का डंडा बेटी या किसी अन्य स्टूडेंट्स के लग जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। मैने वहां आसपास लोगों से सीसीटीवी कैमरों के बारे जानकारी ली। वहां रोड लाइट तो थी लेकिन पेड़ों के चलते अंधेरा रहता है। मैंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी है। कोटा में आए दिन ऐसी घटना होती रहती है। इनपर रोक लगनी चाहिए। बाइक सवार बदमाशों ने एक कोचिंग की जर्सी पहनी हुई थी। जवाहर नगर थाना सीआई बुद्धाराम चौधरी ने बताया कि इस मामले एक व्यक्ति ने शिकायत दी है। बेटी को कोचिंग से लाते समय एक बाइक पर सवार कुछ युवकों अभद्रता की। बहसबाजी की। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।


