अगर आपके पास अपना स्टार्टअप शुरू करने का यूनीक आइडिया है, तो राज्य सरकार को बताइए। सलेक्शन कमेटी को आइडिया पसंद आया तो आपके स्टार्टअप को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लोन देने सहित कई सुविधाएं देगी। दरअसल, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से पाली शहर के बांगड़ कॉलेज परिसर में इन्कयूबेशन सेंटर का संचालन 13 नवम्बर 2022 से किया जा रहा है। युवाओं के यूनीक बिजनेस आइडिया को सपोर्ट करने और उनके प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से इस केंद्र की स्थापना की गई है। युवाओं को बस अपने स्टार्टअप के आइडिया को जयपुर में कमेटी के सामने शेयर करना होता है। साथ ही बताना होता है कि स्टार्टअप को शुरू करने से जनता को क्या फायदा होगा और कितने लोगों को रोजगार से मिल सकेगा। कमेटी को आइडिया पसंद आने पर सरकार की ओर से युवाओं को अधिकतम 2.40 लाख रुपए की ग्रांट मनी दी जाती है। जो उन्हें वापस नहीं लौटानी होती है, बस इसका हिसाब देना होता है। इसके साथ ही उन्हें अपने स्टार्टअप के लिए इस सेंटर में एक साल तक निशुल्क कम्प्यूटर विद् इंटरनेट के साथ उपलब्ध करवाया जाता है। इसके साथ ही इस सेंटर में एक कांफ्रेंस हॉल भी है। जहां युवा अपने ग्राहकों के साथ बैठकर मीटिंग भी कर सकते है। एक साल बाद भी युवाओं को यह सुविधा चाहिए तो उन्हें प्रति सीट एक हजार रुपए प्रतिमाह चार्ज देना होगा। 40 युवा कर रहे स्टार्टअप पर काम
इन्कयूबेशन सेंटर के मेंटॉर विकास लौहान ने बताया- सेंटर में IT वालों के लिए 22 और नॉन IT वालों के लिए 4 सीट है। वर्तमान में कुल 27 सीट में से 21 सीट भरी हुई है। 40 युवाओं ने अपने स्टार्टअप का रजिस्ट्रेशन करवा रखा है। इनमें से अधिकांश ऑनलाइन मार्केटिंग, वेबसाइट, कचरा प्रबंधन, शेयर मार्केटिंग समेत अन्य स्टार्टअप को लेकर काम कर रहे है। इन युवाओं को गाइड करने के लिए सेंटर पर प्रोग्रामर प्रवीण भाटी, वीरेंद्र आर्य तैयार रहते है। इसके साथ ही सेंटर पर 8वीं से ऊपर की कक्षा वाले बच्चों को निशुल्क सेंटर रोबोटिंग की ट्रेनिंग भी दी जाती है।


