चूरू शहर के लोहिया कॉलेज में शनिवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 1025 युवाओं ने पंजीकरण करवाया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को निखारने और कौशल को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करते हैं। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने युवाओं में अपार ऊर्जा और रचनात्मकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे कार्यक्रम छिपी प्रतिभाओं को सामने लाते हैं। कलेक्टर ने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि युवा शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि लें और संभाग व राज्य स्तरीय महोत्सव में भागीदारी कर जिले का नाम रोशन करें। सीडीईओ संतोष महर्षि ने बताया कि सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभाती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर महेन्द्र न्यौल, उपनिदेशक गोविंदसिंह राठौड़, अभिषेक चोटिया, भास्कर शर्मा, कमल शर्मा और डीईओ प्रारंभिक ओमप्रकाश प्रजापत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुकुल भाटी, प्रमेन्द्र शर्मा और बजरंग हर्षवाल ने किया।


