जेकेलोन अस्पताल परिसर में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट केबल में लगी आग:कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

कोटा के जेके लोन मातृ एवं शिशु अस्पताल परिसर में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद ट्रांसफार्मर से जुड़ी केबल में आग लग गई। घटना के समय अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर नर्सिंग कॉलेज के पीछे जेके लोन अस्पताल परिसर के अंदर लगा हुआ है, जहां से दोनों ओर पावर सप्लाई दी जा रही थी। शॉर्ट सर्किट के चलते पैनल केबल में आग लग गई। सबसे पहले नर्सिंग कॉलेज के गार्ड ने धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही जेके लोन अस्पताल में मौजूद करीब 20 से 25 कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए फायर गैस सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मचारियों की मुस्तैदी के चलते मात्र 5 से 7 मिनट में ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। एहतियातन तुरंत पावर सप्लाई भी बंद कर दी गई। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की दमकल भी मौके पर पहुंच गई थी। जेके लोन अस्पताल की अधीक्षक डॉक्टर निर्मला शर्मा ने बताया कि अस्पताल में फायर सेफ्टी के सभी उपकरण उपलब्ध हैं और कर्मचारियों को फायर सेफ्टी की नियमित ट्रेनिंग दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने टीमवर्क के साथ बेहतर कार्य किया, जिससे आग फैलने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *