विदिशा के जोन-1 क्षेत्र में रविवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 11 केवी राघवजी कॉलोनी फीडर पर लाइन शिफ्टिंग और मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य उपभोक्ताओं को भविष्य में बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। तकनीकी आवश्यकताओं के अनुसार, बिजली बंद रहने की अवधि कम या अधिक भी हो सकती है। राघवजी कॉलोनी फीडर के अंतर्गत आने वाले प्रभावित इलाकों में राघवजी कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, जतरापुरा, रामलीला चौराहा, मोहनगिरी, वेस दरवाजा, वाटर बॉक्स रोड, कृष्णधाम कॉलोनी, राधारानी कॉलोनी, मेहलघाट, मंडी रोड, मां हॉस्पिटल रोड और कब्रिस्तान रोड सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए पानी, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था पहले से कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। कंपनी ने इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।


