कटनी जिले में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। ऐसे में एक निजी संस्था ने बड़वारा इलाके के कई सार्वजनिक जगहों पर अलाव जलाने का इंतजाम किया है। इस कोशिश से बस स्टैंड और अस्पतालों में ठिठुर रहे लोगों को राहत मिली है। संस्था के सदस्यों ने उन जगहों को चुना जहां रात के समय सबसे ज्यादा भीड़ रहती है या जहां लोग मजबूरी में रुकते हैं। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल), रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बड़वारा थाना, लोक सेवा केंद्र और रूपोंद रोड बस स्टैंड शामिल हैं। यहां अलाव जलने से अस्पताल में आए मरीजों के परिजन और सफर करने वाले यात्रियों को कड़ाके की ठंड से बचने में मदद मिली। स्थानीय पूजा सिंह ने बताया कि ठंड के कारण लोगों की हालत खराब हो रही थी, इसलिए संस्था ने लकड़ियों का इंतजाम कर 6 जगहों पर आग जलवाई। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ती है, तो वे शहर के अन्य इलाकों में भी अलाव की व्यवस्था करेंगे।


