मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम इंदौर आए। वे पश्चिमी रिंग रोड पर बनी मां नर्मदा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री इस चौराहे के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वे भेड़ाघाट से मां नर्मदा की पूरी यात्रा और उसके अलग-अलग स्वरूपों को दिखाने वाली झांकियों का अवलोकन भी करेंगे। एअरपोर्ट पर उनका स्वागत मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा ने किया। इंदौर के लालबाग परिसर (नर्मदा परिसर) में 11 और 12 जनवरी को नार्मदीय ब्राह्मण समाज का समागम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश में पहली बार हो रहा है, जिसमें मां नर्मदा के संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इस समागम में देश-विदेश से 10 हजार से अधिक समाजजन शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह दो दिवसीय आयोजन रविवार को समाप्त होगा। रविवार सुबह 10 बजे फूटी कोठी चौराहा स्थित पुखराज पैलेस से मां नर्मदा संदेश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा महू नाका होते हुए लालबाग परिसर पहुंचेगी। समापन दिवस पर दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा।


