भास्कर संवाददाता|बीनागंज ग्राम पंचायत कोटरा के श्रीरामजानकी मंदिर, हनुमान गढ़ी में शुक्रवार को एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। विषय था फसल पोषण और प्रबंधन। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती की वंदना से हुई। कृषि विशेषज्ञ मुकेश ने किसानों को उन्नत बीज चयन, संतुलित पोषण, फसल रोग और कीट नियंत्रण की जानकारी दी। संस्था द्वारा प्रमाणित और प्रजनक बीज प्राप्त करने वाले 139 किसानों ने भाग लिया। विभागीय अधिकारियों ने उद्यानिकी फसलों के पोषण, फसल बीमा योजना और सॉइल हेल्थ कार्ड से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकासखंड अधिकारी, चांचौड़ा के वरिष्ठ उद्यान विकासखंड अधिकारी, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि, ग्राम सेवक, पटवारी और कृषि विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राजेंद्र पयासी ने एबीएफ परियोजना के तहत स्थापित जैव संसाधन केंद्र में तैयार वर्मी कम्पोस्ट, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र और सोया टॉनिक जैसे जैविक उत्पादों के उपयोग और लाभ बताए। किसानों की जैविक खेती से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।


