भास्कर संवाददाता | बैतूल संयुक्त संचालक लोक शिक्षण नर्मदापुरम संभाग डॉ. मनीष वर्मा ने शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल के सभा कक्ष में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विकासखंडों के प्राचार्यों से अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणामों के आधार पर वार्षिक परीक्षा की तैयारी का जायजा लिया और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. वर्मा ने प्राचार्यों के साथ वन- टू- वन चर्चा की। उन्होंने 5वीं और 8वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में भी गुणवत्ता के साथ तैयारी सुनिश्चित करने और उत्कृष्ट परिणाम लाने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाह, सहायक आयुक्त विवेक पांडे, सहायक संचालक भूपेंद्र नरवड़े, योजना अधिकारी सुबोध शर्मा, बीआरसी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए सभी स्कूलों में समय पर पाठ्यक्रम, शिक्षण सामग्री और विद्यार्थियों की तैयारी की पूरी व्यवस्था हो। संयुक्त संचालक ने शिक्षकों और अधिकारियों को बच्चों के परिणाम सुधारने और शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति अपनाने का निर्देश दिया।


