छात्राओं ने जेएच कॉलेज का किया भ्रमण

भास्कर संवाददाता | बैतूल प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय जयवंती हाक्सर कॉलेज द्वारा कॉलेज चलो अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल गंज की लगभग 90 छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। यह गतिविधि विद्यालय के प्राचार्य एलएल लिल्होरे के मार्गदर्शन एवं शिक्षकगणों के संरक्षण में आयोजित की गई। चर्चा सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने महाविद्यालय के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 हजार विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता वाला यह महाविद्यालय नैक द्वारा A+ ग्रेड प्राप्त कर चुका है और पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान पर है। अभियान के संयोजक प्रो. राकेश कुमार पवार ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को हेल्प सेंटर से जानकारी लेने की सलाह दी। प्रो. दुर्गेश राने ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत इंटर्नशिप, फील्ड वर्क, परियोजना कार्य, वोकेशनल विषयों और सतत मूल्यांकन पद्धति की जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं को कन्या छात्रावास, ऑडिटोरियम, पुस्तकालय, आईटी सेल सहित कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों की सुविधाओं का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों का सक्रिय सहयोग रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *