शाजापुर जिले में रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सोमवार सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। बीते तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, इसके बावजूद ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बनी हुई है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता 32 प्रतिशत रही और उत्तर-पूर्वी दिशा से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से हवाएं चलीं। विशेषज्ञ बोले- अगले 2-3 दिन में ठंड से मिल सकती है राहत मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शनिवार की तरह रविवार को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग समान बने रहने की संभावना है। सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए रहने के कारण धूप कम निकली, जिससे ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया और लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दो से तीन दिनों में ठंड का असर कुछ कम हो सकता है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय सर्दी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। काम पर निकलने वाले लोग स्वेटर, जैकेट, मफलर और टोपी पहनकर घर से बाहर निकल रहे हैं।


