अशोकनगर जिले में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखी है। रविवार को दूसरे दिन भी गुना रोड स्थित बरखेड़ी के पास एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। तहसीलदार भारतेंदु यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने लक्ष्मी भोजनालय के नाम से बनी बिल्डिंग, कुछ बाउंड्री वॉल और एक टीन शेड को हटाया। यह कार्रवाई सुखबीर रघुवंशी द्वारा खरीदी गई पट्टे की जमीन पर बने निर्माण के खिलाफ की गई। रघुवंशी ने बिना कलेक्टर की अनुमति के यह जमीन अपने नाम दर्ज कराई थी, जिसे कलेक्टर ने पहले ही शासकीय भूमि घोषित कर दिया था। इसी जगह पर लक्ष्मी भोजनालय नामक ढाबा वर्षों से संचालित हो रहा था। दो जेसीबी मशीनों की मदद से कुछ ही समय में बिल्डिंग को ध्वस्त कर दिया गया। शनिवार को सट्टा किंग आजाद खान का मकान तोड़ा था
इसी स्थान के पास मेहरबान पटेल ने भी शासकीय जमीन पर कब्जा कर एक टीन शेड का निर्माण किया था। इस टीन शेड के आसपास फ़र्शियाँ लगाकर अवैध रूप से कब्जा की गई जगह को भी प्रशासन ने हटा दिया। गौरतलब है कि इस कार्रवाई से एक दिन पहले, प्रशासन ने सटोरिया आजाद खान के फार्म हाउस पर भी कार्रवाई की थी। वहां उसकी मां के नाम पर बनी एक बिल्डिंग को ध्वस्त किया गया था, क्योंकि वह सड़क से निर्धारित दूरी पर नहीं बनाई गई थी। प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है। देखें तस्वीरें


