भास्कर न्यूज|गुमला गुमला जिले के सुदूरवर्ती एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पीएम जनमन के तहत स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है। जनवरी माह में अब तक 40 से अधिक पीवीटीजी ग्रामों में इन शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। डुमरी प्रखंड के डुलूसरना, बिशुनपुर प्रखंड के रामझरिया, घाघरा प्रखंड के खरसाला, चैनपुर प्रखंड के तिलवाड़ीपाठ, एवं रायडीह प्रखंड के बाघौड़ा ग्राम में मोबाइल मेडिकल वैन द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने क्षेत्रीय नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श, उपचार, और आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं। इसके साथ ही 11 जनवरी 2025 को डुमरी प्रखंड के दीना अंबाटोली, बिशुनपुर प्रखंड के काटोपानी, घाघरा प्रखंड के पीढ़ापठाल, चैनपुर प्रखंड के कटरी कोना ग्राम, एवं रायडीह प्रखंड के डूरंडा ग्राम में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुलभ कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील किया है कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।


