भास्कर न्यूज | अमृतसर ऑपरेशन संपर्क के तहत शनिवार को सी-डिवीजन के इलाके में एसीपी साउथ प्रवेश चोपड़ा और एसएचओ नीरज कुमार ने लोगों के साथ चाइना डोर के खिलाफ पुलिस-पब्लिक मीटिंग की। इस बैठक में एसीपी साउथ प्रवेश चोपड़ा ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह बच्चों को चाइना डोर का इस्तेमाल न करने दें। इसके अलावा उन्हें साधारण धागे वाले डोर से पतंगबाजी करने के लिए जागरूक करें। इस चाइना डोर से जीव-पक्षियों की जान जाती है। इसके अलावा राहगीर भी इस चाइना डोर का शिकार हो रहे हैं। इस मीटिंग में पहुंचे लोगों ने भी पुलिस को सुझाव दिया। एसएचओ नीरज कुमार ने बताया कि अगर कोई चाइना डोर बेचने का धंधा कर रहा है तो लोग उन्हें शिकायत दे सकते हैं। वह तुरंत कार्रवाई करेंगे। सूचना देने वाले के नाम को गुप्त रखा जाएगा। इस मौके पर वाल्मीक संस्था के सदस्य भी उपस्थित थे।


