जालंधर| कालिका धाम ज्योतिष किशनपुरा में भक्तों ने शनिवार को मां चंडी का हवन किया। इसकी अध्यक्षता धाम के अध्यक्ष आचार्य इंद्रदेव ने की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भक्तों से हवन कुंड में आहुतियां डालवाईं। उन्होंने भक्तों को कहा कि गुरु का होना आवश्यक है। गुरु या आध्यात्मिक गुरु के मार्गदर्शन के बिना केवल शास्त्रों को पढ़ने और भक्ति करने का प्रयास करना पर्याप्त नहीं होगा। एक व्यक्ति को गुरु की योग्यता और एक शिष्य की योग्यता को समझने और कई सवालों के जवाब देने के लिए शास्त्रों को पढ़ना चाहिए, लेकिन केवल शास्त्रों का स्वयं पढ़ना कभी पर्याप्त नहीं होता। आचार्य ने कहा कि शास्त्रों में कई अर्थ और सत्य हैं, जो गुरु के बिना प्रकट नहीं होंगे। अंत में सभी दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।


