भास्कर न्यूज | लुधियाना रानी झांसी रोड स्थित श्री राम पार्क श्री राम शरणम् में आयोजित 71वें श्री राम नाम अखंड जप महायज्ञ के पावन अवसर पर श्रद्धा और आध्यात्मिकता का संगम देखने को मिला। इस दौरान सत्संग की अमृत वर्षा करते हुए संत अश्वनी बेदी ने स्वामी सत्यानन्द महाराज की दिव्य वाणी का सार प्रस्तुत किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए संत अश्वनी बेदी ने कहा कि राम नाम का जाप केवल शब्दों का उच्चारण नहीं बल्कि उस परम सत्ता की उपस्थिति का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा साधना में भावना सर्वोपरि है। जिस प्रकार अरुचि से ग्रहण किया गया भोजन शरीर को पोषण नहीं देता। उसी प्रकार बिना अटूट विश्वास के किया गया जाप पूर्ण लाभ नहीं पहुंचाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीराम साक्षात कृपा स्वरूप हैं। जिनसे केवल कृपा की ही प्राप्ति संभव है। नाम की महिमा को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक सूक्ष्म परमाणु में असीम ऊर्जा छिपी होती है, वैसे ही राम-नाम एक बीजाक्षर है। महायज्ञ में महेश मित्तल, कुलवंत सिंह सिद्धू आदि ने उपस्थित हो आध्यात्मिक लाभ उठाया।


