सागर | विश्व ध्यान दिवस पर रविवार को मानसिक सशक्तिकरण, तनावमुक्ति व सकारात्मक कार्य संस्कृति के विकास को लेकर पुलिस विभाग ने सामूहिक ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम पुलिस लाइन सहित जिले के सभी थाना, चौकी व पुलिस इकाइयों में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान सत्र का प्रभावी संचालन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता में वृद्धि, सकारात्मक सोच का विकास व कर्तव्य निर्वहन में एकाग्रता और अनुशासन को मजबूत करना रहा। ध्यान सत्र के दौरान मानसिक शांति, सामाजिक कल्याण, टीम भावना, ध्यान के वैज्ञानिक लाभ व पुलिस बल के जीवन में इसके व्यावहारिक उपयोग पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए संदेश का वाचन किया गया, जिसमें ध्यान को विश्व शांति व आत्मिक उन्नति का महाअभियान बताते हुए प्रत्येक रविवार को सभी थानों में नियमित ध्यान कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान का गायन किया।


