जयपुर में कोचिंग की एक छात्रा ने रविवार दोपहर सुसाइड कर लिया। वह एक महीने पहले ही अपनी बहन के साथ पीजी हॉस्टल में रहने आई थी। पीजी हॉस्टल के रुम में वह फंदे से लटकी मिली। बजाज नगर थाना पुलिस ने SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। पुलिस ने बताया- करौली के टोडाभीम की रहने वाली निशा मीणा (20) ने सुसाइड किया है। उसके पिता हरियाणा में स्टेशन मास्टर की पोस्ट पर है। वह पहले जगतपुरा में रहने वाले अपने चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। करीब एक महीने पहले ही अपनी बहन के साथ गोपालपुरा स्थित बंसत विहार कॉलोनी में स्थित पीजी हॉस्टल में आई थी। पीजी में रुम लेकर दोनों बहने कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। रविवार दोपहर उसकी बहन किसी काम से पीजी से बाहर गई थी। पीछे से निशा में हॉस्टल रुम में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। दोपहर करीब 1:30 बजे बहन के वापस लौटने पर गेट अंदर से लॉक मिला। काफी आवाज देने व गेट खटखटाने पर भी निशा ने नहीं खोला। हॉस्टल संचालक की सूचना पर बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गेट तोड़कर अंदर जाने पर कमरे में निशा फंदे से लटकी मिली। पुलिस ने मौका-मुआवना कर फंदे से शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस सुसाइड के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


