धौलपुर में 24 घंटे में 19 एमएम हुई बारिश:शीतलहर से जनजीवन प्रभावित, किसानों की फसलों को होगा फायदा

धौलपुर में शनिवार शाम मौसम ने करवट बदली और जोरदार बारिश के साथ शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया। जिले में 19 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। मेघ गर्जना के साथ करीब पौन घंटे तक चली बारिश में आकाशीय बिजली भी चमकती रही, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। किसानों के अनुसार रबी की फसलों विशेषकर गेहूं, चना और मटर को इस मावठ से काफी लाभ हुआ है। वहीं सरसों और आलू जैसी फसलों में आंशिक नुकसान की आशंका है। शीतलहर और बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग घरों में दुबके रहे और सड़कों पर आवागमन की रफ्तार धीमी रही। रविवार को कोहरा कम रहा, लेकिन वातावरण में धुंध छाई रही। मौसम विभाग ने मकर संक्रांति तक शीतलहर, कड़ाके की सर्दी और मेघ गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही रही और पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *