करौली के कोसरा गांव में आपसी विवाद के चलते एक घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। इस हमले में एक महिला और उसका पुत्र घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है। मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसको लेकर जांच की जा रही है। घायल धनवीर के भाई बने सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे धनवीर अपनी मां मूली देवी और भांजे हाकिम और राजू के साथ घर पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान बोलेरो और स्कॉर्पियो में सवार होकर करीब 15 लोग लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और कट्टे से लैस होकर कोसरा गांव पहुंचे। सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार
आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, छत पर चढ़कर पत्थर फेंके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान सुरेश ने धनवीर के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जबकि कल्ला ने उसके हाथ पर उल्टी कुल्हाड़ी मारी। अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें मां मूली देवी भी घायल हो गईं। एक आरोपी ने कट्टे से फायर भी किया
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि जाते-जाते एक आरोपी ने कट्टे से फायर किया। आरोपियों पर घर का बक्सा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन छीन ले जाने का भी आरोप है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय करौली पहुंचाया। धनवीर और मूली देवी का उपचार जारी है। घायलों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।


