दमोह में रविवार सुबह 8 बजे से बारिश जारी है। इसकी भविष्यवाणी मौसम विभाग ने पहले ही कर दी थी। बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया, जहां रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था, वहीं सुबह बढ़कर 17 डिग्री के आसपास पहुंच गया। सुबह छाया कोहरा बारिश के साथ ही छंट गया। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान बारिश से शीतलहर की तीव्रता बढ़ने की आशंका है, जिससे लोगों को अधिक ठंड का एहसास होगा। आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री तक रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान है कि सोमवार को न्यूनतम 8 और अधिकतम 21 डिग्री तापमान के साथ बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को तापमान 9 और 22 डिग्री के बीच रहेगा और धूप खिलेगी। बुधवार से शुक्रवार तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जहां न्यूनतम 11 से 13 डिग्री और अधिकतम 23 से 24 डिग्री के बीच रहेगा। इस दौरान धूप-छांव का खेल जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले रविवार से मौसम पूरी तरह साफ होने और निरंतर धूप खिलने की संभावना है।


