पन्ना जिले में रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। आसमान में सुबह से घना कोहरा छाया रहा और बाद में हुई बूंदाबांदी ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया। जिले में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में भीषण ठंड से दो दिन से मिल रही राहत के बाद रविवार सुबह से मौसम में आया बदलाव लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई, जिसके बाद दोपहर में आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर की बूंदाबांदी ने वातावरण को और अधिक ठंडा कर दिया। शीतलहर के प्रकोप से बचने के लिए लोगों ने घरों और दुकानों में अलाव का सहारा लिया। अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। सुबह से शाम तक चलने वाली शीतलहर ने लोगों को हाड़ कंपकंपाती ठंड का एहसास कराया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।


