सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहावल चौकी में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना हुई। इसमें चौकी प्रभारी की गाड़ी और एक बाइक की भिड़ंत हो गई, जिससे बाइक पर पीछे बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस की तत्परता से घायल महिला को तत्काल सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद सीधी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिहावल चौकी प्रभारी अजीत पांडेय दोपहर करीब 3 बजे अपनी कार से अमिलिया की ओर जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया और चौकी प्रभारी की गाड़ी से टकरा गई। इस टक्कर में बाइक पर पीछे बैठी पूजा रावत (निवासी ग्राम बल्हया) सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद चौकी प्रभारी अजीत पांडेय ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने पूजा रावत का प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है। अचानक कार हुई धीमी घायल महिला पूजा रावत ने बताया कि कार आगे चल रही थी और अचानक धीमी हो गई। वे बाइक से पीछे बैठकर जा रही थीं, तभी कार की टक्कर बाइक से हो गई। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना की जांच करेंगे सिहावल चौकी प्रभारी अजीत पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में महिला को चोट आई थी, इसलिए सबसे पहले उसकी जान बचाना प्राथमिकता थी। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने आगे कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जाएगी।


