उज्जैन रेलवे स्टेशन का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री को अटैक आ गया और वह प्लेटफॉर्म पर ही गिर गया। हालांकि, रेलवे के टीसी ने यात्री की जान बचाने के लिए काफी देर तक प्रयास किया और उसे सीपीआर तक दी। लेकिन यात्री को अस्पताल भेजने के लिए स्ट्रेचर नहीं मिला, तो प्लेटफॉर्म पर सामान ले जाने के लिए उपयोग होने वाली ट्रॉली पर ही यात्री को लादकर स्टेशन के बाहर भिजवाना पड़ा, जहां इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई। घटना 21 दिसंबर, रविवार शाम लगभग 5:30 बजे की बताई जा रही है। उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 18233 के कोच A1 के सामने से जनरल बोगी की ओर दौड़ते समय एक यात्री संजू रजवाड़े बेहोश होकर गिर गया। कोच A1, कोच HA1 से जुड़ा हुआ था और उसके बगल में जनरल डिब्बा था, जिसमें यात्री चढ़ना चाहता था। यात्री को हार्ट अटैक आया तो बिना किसी का इंतजार किए इंदौर में पदस्थ मुख्य टिकट निरीक्षक कृपाशंकर पटेल ने तुरंत यात्री को सीपीआर देना शुरू कर दिया, जिससे उसकी पल्स रेट सामान्य होने लगी। इसके बाद जब यात्री को अस्पताल भिजवाने की बारी आई, तो प्लेटफॉर्म से अस्पताल तक पहुंचाने के लिए स्ट्रेचर नहीं मिला। ऐसे में कुछ यात्रियों ने उसकी जान बचाने के लिए उसे सामान ढोने में उपयोग होने वाली लोहे की ट्रॉली पर रखकर रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। तीन तस्वीरें देखिए स्टेशन पर समय पर नहीं पहुंचे डॉक्टर यात्री को हार्ट अटैक आने के बाद तुरंत सीएमआई कंट्रोल रतलाम को मैसेज भेजा गया। डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचने पर उसके दूसरे साथी यात्री ने फैसला किया कि यात्री को ट्रॉली से स्टेशन के बाहर अस्पताल ले जाना सबसे अच्छा होगा। इस दौरान न तो समय पर डॉक्टर स्टेशन पर पहुंचा और न ही स्ट्रेचर की व्यवस्था हो पाई, जिसके बाद यात्री के साथी उसे ट्रॉली पर ही अस्पताल ले गए। यात्री के पास उज्जैन से अनूपपुर जंक्शन तक का टिकट था जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि जो यात्री ट्रेन में चढ़ते समय बेहोश हुआ था, वह संजू रजवाड़े (42 वर्ष) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर का रहने वाला था। अस्पताल में उसकी मौत के बाद परिजन को सूचित किया गया, जिसके बाद परिजन उज्जैन पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। यात्री के पास उज्जैन से अनूपपुर जंक्शन तक का जनरल टिकट नंबर 63928769 था। इधर रेलवे पीआरओ खेमराज मीणा ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी नहीं है। पता करके ही बता सकूंगा।


