कांग्रेस ने मनरेगा की जगह नई योजना का किया विरोध:बिल की प्रतियां जलाईं, राष्ट्रपति से नाम बदलने की मांग

खरगोन में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार की नई योजना ‘विकसित भारत गारंटी का रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण 2025’ के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस योजना को मनरेगा का विकल्प बताते हुए इसे मजदूर विरोधी करार दिया। सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे जिलाध्यक्ष रवि नाईक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नई योजना के बिल की प्रतियां जलाईं और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा को समाप्त करने के फैसले का विरोध करते हुए इसे फिर से लागू करने की मांग की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार विजयसिंह सिसोदिया को सौंपा गया। केंद्र के नियंत्रण को लेकर जताई आपत्ति
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने कहा कि यह नई योजना मजदूरों, खासकर एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना पूरी तरह केंद्र सरकार के नियंत्रण में रहेगी, जिससे स्थानीय जरूरतों की अनदेखी होगी। पहले रोजगार की स्वीकृति मांग के आधार पर होती थी, लेकिन अब काम कब और कहां होगा, यह केंद्र तय करेगा। नाईक ने यह भी कहा कि योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर राज्यों के लिए इसे लागू करना मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी देशभर में इस योजना के खिलाफ आंदोलन कर रही है और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *