प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत रंठाजना थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 29 जुलाई 2025 का है, जब हथुनिया थाना पुलिस ने मचलाना घाटी पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका था। वाहन की तलाशी लेने पर उसके चालक सद्दाम पिता अयूब अजमेरी (30 वर्ष, निवासी बादाखेड़ी, थाना नई आबादी, जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश) के कब्जे से 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। इस संबंध में हथुनिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण की जांच रंठाजना थाना पुलिस कर रही है। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि जब्त मादक पदार्थ सद्दाम अजमेरी को शाबीर उर्फ शबीर अजमेरी ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद आरोपी शाबीर उर्फ शबीर पिता एहमद उर्फ अहमद नूर अजमेरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाया गया। पुलिस ने आरोपी को जिला जेल मंदसौर से प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।


