रीवा बाईपास मार्ग पर सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चलती बल्कर अचानक धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही पलों में आग की तेज लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालात भांपते ही चालक ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया। इस वाहन में डीजल भरा हुआ था। गनीमत रही की ट्रैंक के विस्फोट होने से पहले आग पर काबू पा लिया गया। बल्कर सतना से रीवा की तरफ आ रहा था। आग लगने के बाद बाईपास मार्ग पर मौजूद वाहन चालक सहम गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक लिए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने तक वाहन पूरी तरह जल गया था
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बल्कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।


