स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की तैयारियों के मद्देनजर जयपुर डीएलबी से भेजी गई प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) की टीम ने झालावाड़ में मॉक असेसमेंट किया। यह सर्वेक्षण आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आगामी माह में होने वाला है। स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव के निर्देशानुसार, राज्य के 50 नगरीय निकायों में 6 से 13 जनवरी तक यह मॉक असेसमेंट किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की टूल किट के अनुसार डेस्कटॉप और फील्ड असेसमेंट में सुधार करना है। अनिरुद्ध शर्मा के नेतृत्व में पीएमयू टीम ने नगर परिषद झालावाड़ के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने शहर के स्कूलों, आर.आर.आर. सेंटर, सद्भावना केंद्र, सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का जायजा लिया। इसके अलावा तालाब, नालों, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और एमआरएफ प्लांट की भी जांच की गई। सर्वे के दौरान शहर की समग्र सफाई व्यवस्था का आकलन किया गया और आम नागरिकों से भी फीडबैक लिया गया।


