डूंगरपुर की कोतवाली पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान हंगामा करने वाले पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थानाधिकारी भगवानलाल के अनुसार, तेज रफ्तार वाहन और पावर बाइक चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने पुराना बस स्टैंड, बर्ड सेंचुरी रोड, रिंग रोड और बलवाड़ा मार्ग पर नाकाबंदी कर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बोड़ामली निवासी रंच (21), नेजपुर निवासी जिग्नेश (20), सुराता निवासी अभिषेक (18), शिशोद निवासी राहुल (18) और भाटपुर निवासी लोकेश उर्फ चौधरी (20) शामिल हैं। सभी आरोपी नशे की हालत में सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से इन्हें गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


