भास्कर न्यूज | जालंधर काला संघिया रोड पर कोट सदीक में एक लुटेरे ने पहले अहाते के मालिक से 8 हजार लूटे और ठेके लूटने में विफल होने पर फायरिंग कर भाग निकला। थाना भार्गव कैंप पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ मोहन सिंह का कहना है कि वारदात की सूचना पीड़ित पक्ष ने 24 घंटे बाद दी, लेकिन एरिया में लगे कैमरों की मदद से लुटेरों की तलाश की जा रही है। 47 साल के विनोद कुमार वासी लसूड़ी मोहल्ला ने कहा- कोट सदीक में बेसमेंट के अंदर उसका अहाता है और ऊपर ठेका। देर रात करीब 10 बजे अहाते पर एक युवक आया। उसके हाथ में वेपन था। उसने गोली मारने की धमकी दी। जिसके बाद लुटेरे ने 8 हजार रुपए छीन लिए। ठेके के कारिंदे रंजीत सिंह ने कहा- लुटेरे आया और खिड़की के अंदर वेपन दिखा कर कैश मांगा, लेकिन मैंने पैसे नहीं दिए। वह जान बचाकर ठेके में छुप गया। लुटेरे ने ठेके के अंदर गोली चला दी। जिसके बाद वह पैदल ही अपने साथी के साथ भाग निकला। ठेके मालिक ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते कहा कि अगर इलाके में पुलिस सक्रिय होती तो आरोपी पकड़े जा सकते थे।


