भास्कर न्यूज| महासमुंद लोकसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन आगामी 24 व 25 दिसम्बर’ को जिला मुख्यालय महासमुंद में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय खेल महोत्सव को सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराए जाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर लंगेह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं में खेल भावना विकसित करने, प्रतिभाओं को मंच देने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रतिभागियों एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में खेल मैदानों की तैयारी, पंजीयन व्यवस्था, खेल सामग्री की उपलब्धता, निर्णायकों की नियुक्ति, खिलाड़ियों के आवागमन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था पर चर्चा की गइ्र। उन्होंने नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग को खेल स्थलों की साफ-सफाई, मंच, बैठक व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव जिले के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर है, इसलिए आयोजन को उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।


