विधायक शैलेंद्र जैन ने बाघराज वार्ड स्थित पंडापुरा क्षेत्र में नवनिर्मित सड़कों का निरीक्षण किया। विधायक जैन के निर्देश पर क्षेत्र की कुछ सड़कों का निर्माण कराया गया था। इसके बाद स्थानीय रहवासियों द्वारा शेष सड़कों के निर्माण की मांग विधायक जैन के समक्ष रखी गई थी, जिस पर विधायक द्वारा शेष सड़कों की भी स्वीकृति प्रदान दी गई थी। इन स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत लगभग 1500 मीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। विधायक जैन ने सोमवार को इन सड़कों का निरीक्षण किया। स्थानीय रहवासियों ने विधायक जैन का स्वागत कर आभार जताया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कुछ अन्य सड़कों के निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर विधायक जैन ने सहमति देते हुए अविलंब शेष सड़कों के निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही पंडापुरा स्थित चौराहे के सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थित निर्माण के भी निर्देश दिए गए। विधायक जैन ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता उन क्षेत्रों पर है जहां निम्न, मध्यम वर्गीय एवं गरीब परिवार निवास करते हैं। ऐसे सभी क्षेत्रों में सड़क, बिजली एवं पानी की मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मौके पर लोकनाथ पटेल, शिवराज शुक्ला, विनोद दुबे, विनोद चतुर्वेदी, नीरज गोलू कोरी, राजू पटेल, हिमांशु जोशी आदि मौजूद थे।


