छत्तीसगढ़ सरकार के दो साल पूरे होने पर पुलिस ग्राउंड जांजगीर में सोमवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन), बिहार चुनाव और कांग्रेस की राजनीति पर हमला बोला। नड्डा ने कांग्रेस पर मतदाता सूची जैसे संवैधानिक मुद्दों पर भ्रम फैलाने और चुनावी हार के बाद बहानेबाजी करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है, जिससे लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस प्रक्रिया से डर लगता है, इसलिए वह बार-बार वोट चोरी का शोर मचाकर जनता को गुमराह करती है। नड्डा ने कहा कि संसद में जब एसआईआर जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है, तब कांग्रेस के नेता सदन छोड़कर भाग जाते हैं और बाहर आकर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि यह पार्टी अवसरवादी और स्वार्थ की राजनीति कर रही है। कांग्रेस का तरीका हमेशा से झूठ बोलो, वोट लो और भूल जाओ वाला रहा है, जबकि भाजपा जो कहा, वह किया की नीति पर चलती है। बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हालिया विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने 16 दिन तक बिहार में पदयात्रा की, 20 से 25 जिलों और करीब 125 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया, लेकिन इतनी मेहनत के बावजूद कांग्रेस को सिर्फ छह सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। नड्डा ने इसे जनता का स्पष्ट संदेश बताते हुए कहा कि लोग कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकार चुके हैं। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि देश की जनता राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धारा 370, ट्रिपल तलाक, एयर स्ट्राइक और राम मंदिर जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर भी हमेशा सवाल खड़े करती रही है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर-चांपा में जनादेश परब का आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है। आधे घंटे के भाषण में 12 मुद्दों पर रखी अपनी बात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यक्रम में राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। अपने भाषण में उन्होंने कई अहम मुद्दों को उठाया, जिसमें दो साल की उपलब्धियां, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा शिक्षा, आदिवासी जाति जनजाति संबंधी योजनाएं, नक्सलवाद, स्वास्थ्य और मेडिकल सुविधाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर-कनेक ्टिविटी, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रवाद कांग्रेस और राहुल पर हमला सहित 12 मुद्दों पर अपनी बात रखी। रिपोर्ट कार्ड और सेवा के 2 साल का विमोचन केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जनादेश परब में विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड, पोषण किट, प्रमाण-पत्र, आवास की चाबी, चेक, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र और सोलर पंप बांटे। स्वास्थ्य, श्रम, मत्स्य पालन, कृषि, समाज कल्याण और सौर ऊर्जा विभागों की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया।


