अमृतसर| दैनिक भास्कर की तरफ से सामजिक सरोकारों के तहत लोहड़ी के संदर्भ में चलाए गए धीयां दी लोहड़ी/धीयां का आलणा श्रंृखला के तहत बेटियों की परवरिश करने वाली संस्थाओं की प्रकाशित न्यूज का असर दिखने लगा है। श्रृंखला के तहत रविवार को दो संस्थाओं श्री विनायक नि:शुल्क पाठशाला (महात्मा स्कूल), शौरी नगर निकट जीएनडीयू और आनंद जीवन सोहल नंगल रमदास का फीचर छपा था। न्यूज के प्रभावित होकर महात्मा स्कूल के बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए दस्ताने, टोपी और मफलर तैयार करने की जिम्मेदारी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉलोनी स्थित हिमालय वुलेन और मेडिको फार्मा ने ली है। यह दोनों ही फर्में स्कूल के पास स्थित हैं। हिमालय वुलेन के मालिक रजत सजदे ने स्कूल में पढ़ने वाले सभी 200 बच्चों को उपरोक्त सामान बनाने के लिए गर्म कपड़े मुहैया करवाए हैं। यहां पर 100 बच्चियां भी पढ़ती हैं। खैर, कटिंग और स्टिचिंग की जिम्मेदारी मेडिको ने ली है। खास बात तो यह रही कि तैयार करने का काम आज से ही शुरू कर दिया गया। फार्मा की मालिक रिप्ती टुटेजा और उनकी बेटी नित्या टुटेजा ने अपने कुछ कारीगरों के साथ कटिंग और सिलाई का काम भी शुरू कर दिया है। फार्मा के एमडी दिनेश टुटेजा ने बताया कि रविवार और सोमवार को स्कूल बंद है तब तक सभी बच्चों का सामान तैयार हो जाएगा और मंगलवार को स्कूल प्रबंधकों को दिया जाएगा। सजदे और टुटेजा का कहना है कि दैनिक भास्कर के इस अभियान से उनको भी मदद का मौका मिला है वह दैनिक भास्कर के आभारी हैं।


