भास्कर न्यूज | दाढ़ी नपं दाढ़ी के मुख्य मार्ग पर संग्रहण केंद्र सरदा के लिए धान परिवहन करने वाले ट्रक का ईंधन (डीजल) खत्म हो जाने से इसे छोड़कर चालक-परिचालक नदारद हो गए। ऐसे में रविवार को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक पंचभैया कोदवा मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। फिर भी कुछ दूरी पर स्थित दाढ़ी थाने के किसी भी कर्मचारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इस ट्रक के सड़क पर ही खड़ा हो जाने से फोर व्हीलर वाहन चालकों को दिक्कत हुई। इसी मार्ग से कवर्धा जिले को जोड़ने वाली सड़क से दिनभर यात्री बस के अलावा भारी वाहन आते-जाते हैं। बड़ी मुश्किल से बाइक व फोर व्हीलर वाहन का आना-जाना हो रहा था। गौठान स्थल पर खड़े इस ट्रक की वजह से दुकानदार भी परेशान रहे। रायपुर से बेमेतरा और दाढ़ी होकर कवर्धा की ओर जाने वाली यात्री बस भी प्रभावित रही। दोपहर तीन बजे डीजल की व्यवस्था कर ट्रक को सड़क के किनारे किया गया, तब दाढ़ी-पंचभैया मार्ग पर आवागमन बहाल हो पाया। ग्रामीण क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही खरीदी केंद्र से धान परिवहन करने के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में भारी लोड लेकर ट्रकों का आना-जाना लगा हुआ है। आए दिन ऐसे भारी वाहन के खराब होने पर सड़क के बीचो-बीच ट्रक को खड़ा करने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवागमन की दिक्कत होती है। दाढ़ी नगर के इकलौते मुख्य मार्ग में डीजल खत्म होने के नाम पर सड़क के ऊपर वाहन खड़ा करने के बाद से पूरी व्यवस्था दिन भर गड़बड़ाई रही। कोई अन्य वैकल्पिक मार्ग नहीं होने कारण भी यातायात बाधित रहा।


