राजस्थान में 15 जनवरी को एक बार फिर बारिश और ओले गिरेंगे। बीकानरे, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के 18 जिलों में बादल छाने, बारिश होने और कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज (सोमवार) भी 15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है।। तेज सर्दी को देखते हुए जयपुर समेत 19 जिलों के स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। छुट्टी 1 से 4 दिन तक बढ़ाई गई है। जयपुर, सीकर, कोटा, टोंक, दौसा, बाड़मेर, बालोतरा, झुंझुनूं और जैसलमेर के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की 13 जनवरी (सोमवार) को छुट्टी कर दी गई है। 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर पहले से ही अवकाश घोषित किया जा चुका है। राजसमंद, ब्यावर, पाली, जालोर, भरतपुर, डीग और खैरथल-तिजारा जिलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की 13 और 14 जनवरी की छुट्टी कर दी गई है। सवाई माधोपुर के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों की 13 से 16 जनवरी तक छुट्टी की गई है। अजमेर-नागौर में कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी
अजमेर कलेक्टर ने 12 जनवरी की देर शाम आदेश जारी करते हुए प्री-प्राइमरी से 5वीं कक्षा तक 13-14 जनवरी का अवकाश घोषित किया है। कक्षा 6 से 12वीं तक की कक्षाएं लगेंगी। नागौर में भी 13 जनवरी को कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी की घोषणा की गई है। 14 जनवरी को मकर संक्रांति की छुट्टी है। जोधपुर में स्कूलों का समय बदला
जोधपुर में जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी स्कूलों का समय बदला है। 13-14 जनवरी को स्टूडेंट्स को 10 बजे स्कूल आना होगा। इससे पहले स्कूलों का समय स्टाफ के लिए साढ़े 7 बजे और स्टूडेंट्स के लिए 8 बजे से था। बीकानेर में भी स्कूलों का समय बदला
बीकानेर में कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने स्कूल के समय में परिवर्तन किया है। अब जिले के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। इस बार स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई है। पहले भी सर्दी के चलते स्कूलों में हुई थीं छुट्टियां
इससे पहले 6 जनवरी को भी माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सर्दी को देखते हुए जिला कलेक्टर को छुट्टियां करने और समय बदलने का अधिकार दिया था। इसके बाद कई जिलों में छुट्टियां घोषित की गई थीं। लंबा हो सकता है वीकेंड
11 जनवरी तक घोषित छुट्टी के बाद 12 जनवरी को रविवार था, जिसकी छुट्टी रही। इसके बाद कई जिलों में 13 जनवरी की छुट्टी घोषित की गई है। इसके बाद 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद 17-18 जनवरी को शैक्षिक सम्मेलन के कारण सरकारी स्कूल में अवकाश रहेगा। 19 जनवरी को फिर रविवार का अवकाश है। कल पूरे दिन कोहरा रहा
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, कोटा, बारां और नागौर के कुछ एरिया में कल (रविवार) पूरे दिन आसमान में ऊपरी स्तर पर घना कोहरा रहा। इस कारण लोगों को सूरज नहीं दिखा। कोहरा रहने के साथ इन शहरों में कल दिनभर हल्की सर्द हवाएं भी चली, जिससे सुबह-शाम के अलावा दिन में भी सर्दी और हल्की गलन रही। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, पाली, सिरोही, जालोर के अलावा उदयपुर संभाग के जिलों में कल आसमान साफ रहा और धूप भी निकली। चूरू में दिन का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस
राज्य में कल सबसे ठंडा दिन चूरू जिले में रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं चढ़ा। जयपुर में कल अधिकतम तापमान 15.2, सीकर में 12.5, पिलानी में 13.2, जैसलमेर में 18, जोधपुर 19.6, कोटा में 15.4, अजमेर में 18.5, उदयपुर में 22.7, गंगानगर में 15.8 और बीकानेर में अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में सबसे कम तापमान
रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू (सिरोही) में 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा सभी शहरों में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। करौली, फतेहपुर, हनुमानगढ़, डूंगरपुर, धौलपुर, चूरू, जोधपुर, फलोदी, कोटा, सीकर, जयपुर, भीलवाड़ा और पिलानी में कल न्यूनतम तापमान डबल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। इन जिलों में आज अलर्ट 14 जनवरी को पूरे राजस्थान में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। लेकिन देर शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर समेत कुछ जिलों में देर रात से बादल छा सकते है। 16 जनवरी से प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा और राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है।


