कोई मरीज ना तड़पे, इसके लिए बोहरा समुदाय 25 साल में अस्पताल में तीन करोड़ की कर चुका मदद

भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ सेवा कार्यों के तहत पिछले 25 साल से बोहरा समुदाय प्रतापगढ़ जिला अस्पताल को अपना सहयोग और सेवा दे रहा है। समय-समय पर जिला अस्पताल में मशीन से लगाकर बेड और सौंदर्यकरण तक में आर्थिक रूप से बोहरा समुदाय ने अब तक 3 करोड़ रुपए से अधिक का सहयोग किया है। सेवा की इस भावना की शुरुआत वर्ष 2000 में हुसैनी भाई नाम के शख्स ने अपनी मां की स्मृति में 5 बेड का वार्ड बनाकर उम्रभर तक इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी लेते हुए की थी, इसके बाद धीरे-धीरे सेवा का यह दौर जारी रहा और कारवां बढ़ता चला गया। आज अली फाउंडेशन संस्थान के माध्यम से जुड़े सैकड़ों युवा अस्पताल को समय-समय पर अपना सहयोग दे रहे है। हाल ही में बोहरा समुदाय ने अस्पताल में बनी हाई-टैक लैब में 15 लाख की लागत से मशीन भेंट की। पहले अस्पताल में आने वाले मरीज को खून सहित अन्य जांचें भी बाहर करवानी पड़ती थी, लेकिन अब यह मशीन अस्पताल में लगने से अब आमजन को राहत मिलेगी। विदेश बैठे लोग भी समाज के माध्यम से अस्पताल की करते हैं मदद: विदेश में रहकर व्यापार कर रहे जिले के कुछ लोग आज भी तन-मन-धन से समाज की संस्था के साथ जुड़कर अस्पताल की सेवा में अपना सहयोग दे रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार जब भी सेवा कार्यों की बात आती है तो बिना अपने नाम को आगे लाकर समाज की संस्था के माध्यम से विदेश में बैठे बोहरा समुदाय के सदस्य आर्थिक सहयोग करते है। बोहरा समुदाय ने जिला अस्पताल में पिछले 25 सालों में वार्ड बनाने तक की अपनी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि उसको नियमित साफ-सफाई और समय-समय रंगरोगन, सौन्दर्यीकरण को लेकर भी खर्च उठाते है। जिला अस्पताल में बने मेडिकल के बिलकिस बाई वार्ड में एक स्टाफ भी नियमित लगा रखा है, जो पिछले कई साल से अपनी सेवाएं दे रहा है। जिला अस्पताल में वर्ष 2000 से अब तक बोहरा समुदाय ने 5 बेड का आईसीयू वार्ड, वर्ष 2005 में 40 बेड का मेडिकल बिलकिस बाई वार्ड, वर्ष 2006 से इन वार्ड में सफाई से लेकर कंबल और नियमित साफ-सफाई के साथ हर साल रंगरोगन कार्य बोहरा समुदाय द्वारा करवाया जा रहा है। इस साल समुदाय ने आमजन को जांच के लिए बाहर नहीं भटकना पड़े, इसको लेकर वर्ष 2024 में 15 लाख की लागत से एंटीबायोटिक जांच मशीन और ईएसआर रीडर(खून जांच मशीन )अस्पताल को भेंट की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *