कोटा में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (RTU) में बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट (Board of Management BOM) के चुनाव में डॉ. निर्मला शर्मा व डॉ. सुरेश नागर ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर निमित चौधरी ने दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनसे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास में सक्रिय और सकारात्मक योगदान की अपेक्षा की। दोनों का कार्यकाल 3 साल का होगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया- राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय अधिनियम (RTU Act) के प्रावधानों के अनुसार बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट में दो सदस्य शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में शामिल होते हैं। इनका चयन विश्वविद्यालय की फैकल्टी द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हर तीन साल में चुनाव से किया जाता है। सोमवार को हुआ था चुनाव
दो टीचर प्रतिनिधि सदस्यों के इस बार चार कैंडिडेट चुनावी मैदान थे। मतदान सोमवार को हुआ। कुल 62 फैकल्टी सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें डॉ. निर्मला शर्मा को 43 वोट, डॉ. सुरेश नागर को 20 वोट, डॉ. शांति लाल मीणा को 18 वोट व डॉ. दीपक भाटिया को 15 वोट मिले। डॉ. निर्मला शर्मा एवं डॉ. सुरेश नागर को सर्वाधिक वोट मिलने के आधार पर दोनों को बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के शिक्षक प्रतिनिधि सदस्यों के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया। इनसे पहले डॉ. हरीश शर्मा व डॉ. संजू तंवर BOM मेंबर थे।


