सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक 15 वर्षीय नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है, जो कुछ दिन पहले ही चोरी के एक अन्य मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। एनसीएल कॉलोनी के क्वार्टर में हुई चोरी जानकारी के अनुसार एनसीएल कॉलोनी निवासी सुनील कुमार तिवारी के क्वार्टर में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 3 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए थे। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है। घटना की शिकायत मिलते ही मोरवा थाना पुलिस हरकत में आ गई। सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक 15 वर्षीय किशोर को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में कबूली चोरी, माल बरामद पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सभी सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि पुलिस ने बरामद कर ली है। पहले से दर्ज हैं कई मामले इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नाबालिग उम्र में छोटा जरूर है, लेकिन उसके खिलाफ मोरवा थाने में चोरी के 5 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह हाल ही में एक अन्य चोरी के मामले में जेल में बंद था और मात्र 5 दिन पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था। रिहाई के छठवें दिन फिर अपराध बताया गया कि जमानत पर छूटने के छठवें दिन ही नाबालिग ने दोबारा चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। किशोर न्याय बोर्ड में पेश फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को विधि अनुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर दिया है। यह मामला एक बार फिर नाबालिग अपराधियों की बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और उनकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।


