बिलासपुर में आयोजित 23वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता 2025 में बीजापुर खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 3 पदक जीते और 2 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इस प्रतियोगिता में बीजापुर खेल अकादमी के 9 बालिका और 3 बालक सहित कुल 12 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने 2 रजत और 1 कांस्य पदक सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए। क्रॉस कंट्री रेस में संतोषी भंडारी ने अंडर-16 बालिका वर्ग की 2 किमी दौड़ में रजत पदक जीता। वहीं, पूजा वाचम ने अंडर-18 वर्ग की 4 किमी दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, बीजापुर जिले के दो खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित होने वाली 60वीं नेशनल क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 25 जनवरी 2026 को रांची (झारखंड) में होगी। चयनित और पदक विजेता खिलाड़ी बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के एथलेटिक्स प्रशिक्षु हैं। ये सभी शासकीय नवीन कन्या हाई स्कूल और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राएं हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर संबित मिश्रा और प्रभारी खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एथलेटिक्स कोच संदीप कुमार गुप्ता भी उपस्थित थे।


