रांची डीसी ने शहर को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाए जा रहे निर्णयों की मंगलवार को समीक्षा की। डीसी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को और अधिक प्रभावी एवं सतत बनाया जाए। उन्होंने टोटो परिचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली। टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म, मार्ग निर्धारण, परिचालन अनुशासन एवं वाहन के पीछे चालक का नाम व मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में अंकित कराने के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बिजली के खंभों पर लटके अव्यवस्थित तारों के संबंध में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा अब तक की गई पहल की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में बेतरतीब तारों को हटाने का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो और शहर की छवि में सुधार हो। महिला सुरक्षा को लेकर बैठक में डीसी ने कहा कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं रात्रिकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। उन्होंने नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों की पहचान करने का निर्देश दिया।


