जाम पर फूटा गुस्सा… लोगों का प्रदर्शन, व्यापारियों ने 1 घंटे बंद रखे प्रतिष्ठान, आश्वासन- जल्द वन-वे करेंगे

अंदरूनी शहर के लोग लंबे समय से ट्रैफिक समस्या से परेशान हैं। वीकेंड पर हालात बद से बदतर हो जाते हैं। सड़कों पर वाहनों की कतारों के बीच पैदल चलने वालों को भी जगह नहीं मिलती है। बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने मंगलवार सुबह एक घंटे प्रतिष्ठान बंद रख कर विरोध जताया। स्थानीय लोग, व्यापारी और जनप्रतिनिधियों ने जगदीश चौक पर पहुंच कर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही अंदरुनी शहर में वन-वे करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने भी जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। अंदरूनी शहर में लंबे समय से वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की जा रही है। वीकेंड, त्योहारों और छुटि्टयों में यहां पर्यटकों भी भारी भीड़ रहती है। सबसे ज्यादा पर्यटक स्थल भी यहीं है। ऐसे में हर बार स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को भी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। निगम नो व्हीकल जोन का प्रस्ताव पारित कर चुका, लागू नहीं किया मंगलवार को जगदीश चौक पर सभी लोग इकट्ठा हुए और प्रदर्शन किया। मांग की अनदेखी पर लोगों ने आक्रोश जताया। लोगों ने कहा कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित करने का प्रस्ताव पारित हो चुका है। इसके बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया। चिंता…हजारों पर्यटक भी परेशान, शहर की छवि पर पड़ रहा असर मार्च तक पर्यटन सीजन रहेगा। ऐसे में यदि ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधरी तो न केवल स्थानीय लोगों को, बल्कि उदयपुर आने वाले लाखों पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। इससे शहर की छवि पर भी असर पड़ेगा। धरने के दौरान वन-वे रूट को जल्द लागू करने की मांग की गई। रंग निवास से जगदीश चौक और सिटी पैलेस, सिटी पैलेस से हाथीपोल की ओर तथा चांदपोल से जगदीश चौक होते हुए घंटाघर के रास्ते हाथीपोल की ओर वन-वे ट्रैफिक संचालन किया जाना है। विरोध बढ़ता देख एएसपी उमेश ओझा समेत पुलिस जाब्ते भी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। व्यापारी बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन : व्यापारियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी भी धरना स्थल पर पहुंचे। सिंघवी ने कहा कि निगम बोर्ड में भी इसका प्रस्ताव लिया था। सबकी भावना के अनुसार निर्णय किया जाए। इस पर एएसपी ओझा ने कहा कि व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, लेकिन इसमें सभी की भागीदारी रहनी जरूरी है। तब ही परिणाम सामने आएंगे। व्यवस्था लागू करने के बाद सबको इसकी पालना करनी होगी। तभी ये सफल होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *