दतिया की सिंध में भिंड के युवक का शव मिला:दो दिन पहले घर से नाराज होकर निकला था

दतिया में सनकुआ धाम क्षेत्र में सिंध नदी से बुधवार सुबह मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई। शव की शिनाख्त संजीव कुशवाह पिता महेन्द्र कुशवाह निवासी लोटमपुरा जिला भिण्ड के रूप में हुई। सुबह करीब 8 बजे सिंध नदी किनारे गश्त कर रहे आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य राजेंद्र मांझी, रामप्रकाश यादव और जयदयाल बाथम को गौमुख मंदिर की ओर नदी की धार में एक शव उतरता हुआ दिखाई दिया। तत्काल इसकी सूचना सेवढ़ा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेवढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पता चला कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह क्षेत्र डीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके बाद डीपार थाना पुलिस को सूचित किया गया। डीपार और सेवढ़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शव की पहचान के प्रयास किए गए। कुछ ही देर में मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव की पहचान संजीव कुशवाह के रूप में की। शिनाख्त की पुष्टि के बाद पटवारी और पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेवढ़ा अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौत के कारणों की जांच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक करीब दो दिन से लापता था। वह घर से नाराज होकर निकला था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *