नया साल शुरू होने के साथ ही प्रदेश के युवाओं की नजर नई वैकेंसी पर है। इनके लिए यह काम की खबर है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से साल की पहली वैकेंसी उद्योग विभाग के लिए निकलेगी। यह सहायक संचालक और प्रबंधक पद के लिए है। इसे लेकर तैयारी की जा रही है। संभावना है कि इस महीने इसके लिए विज्ञापन जारी हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर एग्जाम कैलेंडर को लेकर अब भी संशय की स्थिति बनी है। सीजीपीएससी से पिछले साल कुल 646 पदों के लिए वैकेंसी निकाली गई थी। इसमें राज्य सेवा परीक्षा के 246 और एसआई भर्ती के 341 पद हैं। इसके अलावा बॉयलर इंस्पेक्टर के 2 और सिविल जज के 57 पदों के लिए भर्ती निकाली गई। यह भर्ती सितंबर के बाद निकली। अब नए साल की शुरुआत में उद्योग विभाग के लिए वैकेंसी निकाली की तैयारी है। जानकारों का कहना है कि इस भर्ती के लिए विभाग से पीएससी को कुछ महीने पहले प्रस्ताव भेजा गया था। इसके अनुसार पीएससी से तैयारी की गई है। आने वाले कुछ दिनों में 30 पदों के लिए यह भर्ती निकल सकती है। इसके अलावा कुछ अन्य भर्ती को लेकर भी प्रस्ताव है। उधर, व्यापमं की ओर से जनवरी-फरवरी में कोई परीक्षा नहीं होगी। इसकी परीक्षाएं मार्च से शुरू हो रही है। एग्जाम कैलेंडर के लिए पिछले साल की थी घोषणा व्यापमं की ओर से सालभर होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर पिछले दिनों जारी किया है। अब युवाओं को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी सीजीपीएससी के एग्जाम कैलेंडर का इंतजार है। दरअसल, सीजीपीएससी ने जनवरी 2024 में एक पत्र जारी कर कहा था कि यूजीपीएससी की तर्ज पर प्रदेश में भी वार्षिक कैलेंडर जारी होगा। लेकिन सालभर में भी यह जारी नहीं हो पाया है। इससे युवाओं में निराशा है। पीएससी ने अपने पत्र में कहा था कि वार्षिक कैलेंडर के लिए छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों को पत्र लिखकर तीन साल में भरे जाने वाले पदों की जानकारी मांगी जाएगी। विभाग से जानकारी मिलने के एक महीने के भीतर ही वार्षिक कैलेंडर तैयार कर लिया जाएगा। जानकारों ने बताया कि पीएससी की ओर से विभागों को भेजे गए पत्र को लेकर कुछ विभागों ने जानकारी दी। इसके अनुसार इसे तैयार किया गया था। लेकिन यह जारी क्यों जारी नहीं हुआ, यह सवाल उठ रहे हैं। सिविल जज भर्ती के लिए 24 तक आवेदन सिविल जज (जूनियर डिवीजन) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जनवरी तक किए जा सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 26 दिसंबर से शुरू हुई है। कुल 57 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से परीक्षा होगी। जानकारी के मुताबिक इस भर्ती के लिए इस बार भी तीन चरण हैं। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें क्वालिफाई करने वालों के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद इंटरव्यू होगा। सिविल जज भर्ती परीक्षा के आवेदन को लेकर विस्तृत जानकारी सीजीपीएससी की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध है।


